

कुम्हारी|दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में 16 जुलाई गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षी बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अमृत निर्मलकर (28 वर्ष ) स्कूटी चला रही थी। उनके साथ कुल 5 लोग रायपुर से बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े CG 07 NA 0930 नंबर के ऑक्सीजन सिलेंडर लदे ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान – अमृत निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी भिलाई 3, लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), याचना (7 वर्ष), डाली (4 वर्ष )
एक बालक की हालत गंभीर- हादसे में भावेश (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है
पुलिस ने ट्रैक्टर किया जप्त – दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेजा गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जप्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना की वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।प्रारंभिक तौर पर स्कूटी के खड़े ट्रैक्टर से टकराने की बात सामने आई है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े वाहनों से होने वाले हादसों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
