सट्टा खिलाते दो आरोपी गिरफ्तार, 11,120 रुपये की नगदी व मोबाइल जब्त


देवरबीजा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
बेमेतरा। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत साइबर सेल एवं चौकी देवरबीजा पुलिस की संयुक्त टीम ने सट्टा-पट्टी के जरिए जुआ खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,120 रुपये नगद, दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी एवं पेन सहित कुल 11,120 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को चौकी देवरबीजा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवरबीजा में चौहान दुकान के सामने कुछ लोग सट्टा-पट्टी में अंक लिखकर लोगों से रुपये-पैसे का दांव लगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर चौकी देवरबीजा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने केशव चौहान (42), निवासी देवरबीजा तथा अनवर खान (53), निवासी ग्राम कोदवा, थाना साजा को सट्टा-पट्टी के माध्यम से जुआ खिलाते पकड़ा। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 6, छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का एवं एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, चौकी प्रभारी देवरबीजा सहायक उप निरीक्षक दीनानाथ सिन्हा, प्रधान आरक्षक नंदलाल चतुर्वेदी, आरक्षक नुरेश वर्मा, यशवंत यादव, मुकेश कुमार चंद्रवंशी, रोशन वर्मा, मुकेश सिंह एवं छोटूराम टेम्बुलकर सहित साइबर सेल एवं चौकी देवरबीजा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


