

साजा|बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। एक युवक ने अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
मुर्गा दुकान में पहला हमला
जानकारी के अनुसार, शराब भट्टी के सामने स्थित एक मुर्गा दुकान में युसिफ खान काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी सोनू निर्मलकर वहां पहुंचा और कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। हमले में युसिफ खान के सिर पर गंभीर चोट आई। परिजनों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर होने पर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
कुछ ही देर बाद चाय दुकान में दूसरी वारदात
पहली घटना के कुछ समय बाद आरोपी अवंती चौक के पास स्थित एक चाय दुकान पहुंचा, जहां शेषनारायण निषाद बैठे हुए थे। आरोप है कि आरोपी ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और करीब आठ टांके लगाए गए। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें रेफर करने की सलाह दी। दोनों घायलों का प्रारंभिक उपचार जिला अस्पताल में किया गया।
परिजनों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
घटना के बाद दोनों पीड़ितों के परिजन साजा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाने के बाहर प्रदर्शन, न्याय की मांग
घटना से आक्रोशित परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग साजा थाना पहुंच गए। इस दौरान घायल युसिफ खान के पिता पुलिस वाहन के सामने बैठ गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया।

एसपी स्वयं पहुंचे, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेमेतरा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल स्वयं साजा थाना पहुंचे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी सोनू निर्मलकर के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की गहन विवेचना जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

