

अहिवारा नंदिनी। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमर में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। पानी टंकी के पास बने चबूतरे पर 18 वर्षी युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चेतन ठाकुर (18 वर्ष), निवासी ग्राम पथरिया के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गुरुवार देर रात चेतन ठाकुर, रोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया की रात करीब 1:00 बजे आरोपी रोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन ठाकुर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से चेतन की मौके पर ही मौत हो गई।
शव मिलने से पहले सनसनी – शुक्रवार सुबह ग्राम डूमर के कोटवार ने पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद शरीर पर बने गोदना (टैटू ) के आधार पर उसकी पहचान चेतन ठाकुर के रूप में की गई।
आरोपी ने तालाब में छुपाए थे सबूत – पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घटना में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े उसने पास के तालाब में फेंक दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस की त्वरित कार्यवाई – नंदिनी नगर पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही तेजी से जांच शुरू की और कुछ ही समय में आरोपी को हिरासत में लेकर अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति और आगे की जानकारी जल्दी जारी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
