
अब और तेज होगी पुलिस की प्रतिक्रिया, दुर्ग जिले को मिले 35 अत्याधुनिक ERV और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन

दुर्ग जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक आधुनिक, तेज एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी डायल-112 Phase-2 Next Gen परियोजना के तहत दुर्ग पुलिस को 35 अत्याधुनिक Emergency Response Vehicles (ERV) एवं 04 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन प्रदान किए गए हैं। इन नवीन वाहनों का शुभारंभ बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित भव्य कार्यक्रम में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री ने नवीन डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह नई व्यवस्था आम लोगों को आपात स्थिति में पहले से कहीं अधिक त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा नवीन तकनीक आधारित डायल-112 सेवा, हाईवे पेट्रोलिंग सिस्टम और त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था का प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि Phase-2 Next Gen परियोजना के माध्यम से पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे घटनास्थल तक सहायता पहुंचने का समय कम होगा।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि सरकार तकनीक आधारित पुलिसिंग व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं, अपराध एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नई ERV और हाईवे पेट्रोलिंग वाहन अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। इससे आम नागरिकों को तत्काल राहत एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
वहीं दुर्ग ग्रामीण विधायक ने कहा कि डायल-112 सेवा आज आम जनता के लिए भरोसेमंद सहायता व्यवस्था बन चुकी है। आधुनिक सुविधाओं से लैस नए वाहनों के शामिल होने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी।
दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने इसे आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि नई संचार प्रणाली और कंट्रोल मैकेनिज्म के माध्यम से घटनास्थल तक पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले को प्राप्त 35 ERV एवं 04 हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख सड़कों पर तैनात किया जाएगा। इन वाहनों में GPS सिस्टम, PTZ कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष , महापौर , दुर्ग संभागायुक्त , कलेक्टर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर द्वारा किया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करें तथा सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
