Chhattisgarhcrimeबेमेतरा

बेमेतरा में अवैध उर्वरक भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 275 बोरी यूरिया जब्त

बेमेतरा। खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए बेमेतरा जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम जानो (तहसील देवकर) में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित 275 बोरी यूरिया जब्त किया है।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश तथा कृषि विभाग के उप संचालक मोरध्वज डडसेना के मार्गदर्शन में गठित उड़नदस्ता दल को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम जानो में उर्वरक का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर अँजोर वर्मा के परिसर में औचक निरीक्षण किया गया, जहां उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए 275 बोरी यूरिया भंडारित पाया गया। टीम ने मौके पर ही पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया।

कृषि विभाग ने संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राप्त जवाब के परीक्षण के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जब्त उर्वरकों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, ताकि किसानों को केवल मानक गुणवत्ता वाले उर्वरक उपलब्ध कराए जा सकें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध भंडारण और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषी पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अन्य अनियमितताओं की जानकारी तत्काल कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button