खास खबरदुर्गधमधा की खबरें

IDBI बैंक ऋण माफी मामले में किसानों का आक्रोश, बोले—देश के अन्नदाता को ही लगवा रही प्रशासन चक्कर

21 अगस्त को सैकड़ों किसान दुर्ग में कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन – बाबा टेक सिंह चंदेल किसान नेता

Advertisement

धमधा। धमधा क्षेत्र में किसानों से जुड़े IDBI बैंक ऋण माफी मामले को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कूटहा गांव में आयोजित किसानों की बैठक में परसबोड़, कूटहा, खपरी, पेंड्री, खैरझिटी और हिरेतरा गांव के करीब 54 किसानों के ऋण माफी से जुड़े मामले को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

किसानों का कहना है कि मामले को लेकर वे कई बार प्रशासन के प्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। हर बार कार्रवाई और समाधान का भरोसा दिया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है। किसानों का आरोप है कि समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय और बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

कलेक्टर ने सूची मंगाई, फिर भी बैंक की चुप्पी!

किसानों के अनुसार मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर द्वारा संबंधित किसानों की सूची मंगाई गई थी। इसके बावजूद बैंक की ओर से अब तक स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है। किसानों का सवाल है कि जब प्रशासन ने मामले की जानकारी लेने के लिए सूची मंगाई है, तो फिर आगे की कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?

किसानों ने कहा कि देश का अन्नदाता दिन-रात खेतों में मेहनत करता है, लेकिन जब उसके अधिकार और ऋण माफी से जुड़ा मामला आता है तो वही किसान सरकारी सिस्टम के चक्कर लगाने को मजबूर हो जाता है। किसानों ने प्रशासन और बैंक से मामले में तत्काल स्पष्टता और ठोस कार्रवाई की मांग की है।

“21 अगस्त को कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे सैकड़ों किसान”

बैठक में किसानों ने कहा कि प्रशासन द्वारा बार-बार दस्तावेज और कागजात मांगे जाने तथा लगातार बैठकें होने के बावजूद आज तक मामले का कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया है। अब किसानों ने तय किया है कि आगामी 21 अगस्त को सैकड़ों किसान एक बार फिर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे और IDBI बैंक ऋण माफी मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे।

किसानों का कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। 54 किसानों के मामले का जल्द निराकरण होना चाहिए और जिम्मेदार विभाग एवं बैंक को स्पष्ट जवाब देना चाहिए कि ऋण माफी का मामला आखिर कब तक लंबित रहेगा।

बैठक के दौरान किसानों ने एकजुट होकर मामले को आगे उठाने का निर्णय लिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में संबंधित गांवों के किसान मौजूद रहे।

बैठक में किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल, डॉ जोहान वर्मा पूर्व जनपद सदस्य पंचराम साहू दुवासू साहू मनसुख साहू हर्ष साहू हेमराज साहू जबरचंद गोलू साहू भानु साहू सुभाष साहू नेतु साहू कमलेश जंघेल सहित इत्यादि किसानजन मौजूद रहे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button