जुए के अड्डे पर पुलिस का बड़ा छापा, 14 जुआरी गिरफ्तार, ₹3.27 लाख की संपत्ति जब्त

दुर्ग| जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना कुर्सीपार पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केएलसी क्षेत्र स्थित काली मंदिर के पीछे एक मकान में संचालित अवैध जुआ फंड पर दबिश दी।पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹ 77,650 नगद, 52 पत्ती ताश और 14 टचस्क्रीन मोबाइल फोन जप्त किए है। जप्त संपत्ति का कुल मूल्य ₹3,27,650 आंका गया है।
पुलिस के अनुसार, कुर्सीपार थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध जुआ संचालित होने की सूचना मिल रही थी। मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर थाना पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा – तफरी मच गई, लेकिन टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
जांच के दौरान मौके से जुआ खेलने में उपयोग की जा रही नगदी राशि, ताश के पत्ते और आरोपियों के मोबाइल फोन जप्त किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जुआ खेल रहे थे। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र में कानून – व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है। पुलिस कहना है कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनोज कुमार, राजीव कुमार, एम. राजू, सूरज महतो, जी. गौतम, किशोर कुमार साहू, शिवा राव, विकास गुप्ता, दिनेश बाग़, अनिल, पवन कुमार, राजा, सैनी कुमार और मनजीत सिंह शामिल है। सभी आरोपी कुर्सीपार, भिलाई और छावनी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस में इस कार्रवाई में थाना कुर्सीपार और एसीसीयू टीम की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए बताया कि त्वरित सूचना संकलन, सटिक घेराबंदी और समन्वित कार्रवाई के कारण यह सफलता मिली। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कीजा सके।
दुर्ग पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत देती है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैर कानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


