Politics

खर्चे के लिए पैसे मांगने पर नाना-नानी पर तवे से जानलेवा हमला, आरोपी नाती गिरफ्तार

बेमेतरा/परपोडी। बेमेतरा जिले के परपोडी थाना क्षेत्र में खर्चे के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही नाना-नानी पर लोहे के तवे से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें नानी के सिर पर गंभीर चोट आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात ग्राम गाड़ाडीह निवासी धनीराम मारकण्डे ने थाना परपोडी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भांजा अनिल बारले शराब के नशे में घर पहुंचा और खर्चे के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर अपने नाना तुलसीराम मारकण्डे एवं नानी शांती बाई मारकण्डे से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे लोहे के तवे से दोनों के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में शांती बाई के सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परपोडी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी अनिल बारले (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने खर्चे के लिए पैसे मांगने को लेकर नाराज होकर अपने नाना-नानी की हत्या करने की नीयत से उन पर लोहे के तवे से हमला किया था। आरोपी को 7 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, उप निरीक्षक पुरुषोत्तम कुलार्य, प्रधान आरक्षक येमन बघेल, आरक्षक रमेश चंद्रवंशी, शिव यादव सहित परपोडी थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button