धमधा – बेमेतरा मार्ग पर रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर


धमधा। धमधा-बेमेतरा मुख्य मार्ग पर ग्राम देवरी के समीप बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
आमने-सामने की टक्कर में बाइक खेत में जा गिरी
मिली जानकारी के अनुसार साजा ब्लॉक के ग्राम मौहभाठा निवासी अश्वनी साहू (16) और पूरब साहू (19) बाइक क्रमांक CG 07 AK 8673 से धमधा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम देवरी के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 08 K 1921 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क से नीचे खेत में जा गिरी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची मदद के बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पूरब साहू (19) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अश्वनी साहू (16) को बेहतर उपचार के लिए स्पर्श हॉस्पिटल भिलाई में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
स्कॉर्पियो चालक हादसे के बाद फरार
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस की जांच के बाद हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।






