महीने भर में चौथी घटना: पुणे जाने निकला युवक धमधा में फांसी के फंदे पर लटका मिला, बैग मिलने से गहराया रहस्य


धमधा। धमधा क्षेत्र में 1 महीने के भीतर फांसी से जुड़ी चौथी घटना सामने आने से सनसनी फैल गई। बिरजापुर निवासी सुरेश साहू ( उम्र लगभग 21 – 22 वर्ष ), पिता शिव कुमार साहू का शव धमधा में एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार सुरेश सुबह पुणे जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसका सफर बीच में ही रहस्यमय परिस्थितियों में समाप्त हो गया। युवक का शव मिलने की खबर आग की तरफ फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर आसपास के गांव तथा नगर के सैकड़ो लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ के कारण लंबे समय से क्षेत्र में चर्चा और अफरा – तफरी का माहौल बना हुआ है
घटनास्थल पर शव के नीचे एक बैग भी रखा मिला, जिसने मामले को और अधिक रहस्यमई बना दिया है। युवक के पुणे जाने के लिए घर से निकलने और धमधा में मृत अवस्था में मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर धमधा क्षेत्र में फांसी से जुड़ी यह चौथी घटना है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

