
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष भी छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
12वीं बोर्ड परीक्षा में बलौदाबाजार जिले के सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर बेमेतरा जिले के आत्मानंद स्कूल की छात्रा ओमनी वर्मा रही, जबकि तीसरे स्थान पर रायगढ़ जिले के कृष महंत ने जगह बनाई।
वहीं 10वीं बोर्ड परीक्षा में महासमुंद जिले की दो छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से टॉप किया है। इनमें एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुदा की संध्या नायक और एकलव्य स्कूल बलोदा की परीरानी प्रधान शामिल हैं, दोनों ने 594 अंक प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर मुंगेली जिले के अंशुल शर्मा रहे।
इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में कुल 5.66 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 12वीं के 2,45,785 विद्यार्थी शामिल हैं, जबकि 10वीं में करीब 3,20,535 छात्रों ने पंजीयन कराया था।
छात्र अपना परीक्षा परिणाम छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cg.results.nic.in/ पर रोल नंबर दर्ज कर आसानी से देख सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न अन्य वेबसाइट्स पर भी रिजल्ट उपलब्ध कराया गया है।