नवरात्रि से पहले ‘Rent A Garba Partner’ के पोस्टर वायरल, आपत्तिजनक दावों से मचा बवाल; पुलिस जांच में जुटी


रायपुर, छत्तीसगढ़। नवरात्रि पर्व को लेकर राजधानी रायपुर में गरबा और डांडिया आयोजनों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित पोस्टर ने विवाद खड़ा कर दिया है। ‘Rent A Garba Partner’ के नाम से वायरल इस पोस्टर को लेकर संस्कृति प्रेमियों और आयोजन से जुड़े लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले में पुलिस तक शिकायत पहुंचने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।
वायरल पोस्टर में “This Navratri, don’t dance alone! Rent A Garba Partner” लिखा हुआ है। पोस्टर में गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के नाम पर अलग-अलग पैकेज और कीमतों का उल्लेख किया गया है। इनमें सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम पैकेज बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सिल्वर पैकेज में दो घंटे गरबा साथ खेलने, मैचिंग आउटफिट और सेल्फी जैसी बातें लिखी गई हैं। वहीं गोल्ड पैकेज में चार घंटे साथ गरबा, इंस्टाग्राम के लिए रील और फोटो तथा अन्य गतिविधियों का दावा किया गया है।
सबसे ज्यादा विवाद प्लेटिनम पैकेज को लेकर है। वायरल पोस्टर में इसमें ऑल नाइट गरबा, गरबा के बाद माथे पर किस, दुपट्टा-झुमका ठीक करने में मदद और घर तक छोड़ने अथवा आफ्टर-पार्टी तक साथ रहने जैसी आपत्तिजनक बातें लिखे होने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि, इस पोस्टर को किसने तैयार किया, इसे किस उद्देश्य से बनाया गया और वास्तव में इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी जांच का विषय है। सोशल मीडिया पर पोस्टर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस से इसकी जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी सक्रिय हो गई है। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम वायरल पोस्टर के स्रोत और इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पोस्टर के जरिए किसी तरह की आपत्तिजनक या गैरकानूनी गतिविधि को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है या नहीं।
डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने बताया कि इस संबंध में कुछ लोगों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और यह देखा जा रहा है कि वायरल सामग्री से कानून किस तरह प्रभावित होता है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुके हैं विवादित पोस्टर
राजधानी रायपुर में इससे पहले भी सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर कथित ‘न्यूड पार्टी’ से जुड़े पोस्टर को लेकर विवाद सामने आया था। उस मामले में पुलिस कार्रवाई की बात सामने आई थी। अब नवरात्रि से ठीक पहले गरबा पार्टनर के नाम से वायरल इस पोस्टर ने एक बार फिर राजधानी में चर्चा तेज कर दी है।
नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजन बड़ी संख्या में होते हैं। ऐसे में वायरल पोस्टर को लेकर उठे सवालों के बीच अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह पोस्टर किसने बनाया, इसके पीछे क्या उद्देश्य था और इसमें किसी कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं।




