“केवलधाम धमधा में 26-27 अगस्त को गूंजेगा सत्यनाम धुन, आयोजन की तैयारियों के बीच हरेली पर हुआ वृहद वृक्षारोपण”

धमधा|कबीर आश्रम केवल धमधा में आगामी 26 एवं 27 अगस्त को आयोजित होने वाली दो दिवसीय सत्यनाम धुन एवं सात्विक चौका आरती कार्यक्रम की तैयारी को लेकर 9 अगस्त को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कबीर पंथ के अनुयायियों, आश्रम पदाधिकारीयो एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों ने शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक योजना और रूपरेखा पर चर्चा की।
बैठक में आगामी दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं, अनुयायियों की सहभागिता और आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार – विमर्श किया गया। सभी प्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया।

हरेली पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश – बैठक के पश्चात परम पूज्य पंथ श्री हुजुर उदीतमुनी नाम साहब के निर्देशानुसार हरेली महोत्सव के उपलक्ष में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए कबीर आश्रम केवल धमधा एवं वार्ड क्रमांक 04 स्थित पुष्प वाटिका में वृहद वृक्षारोपण किया गया।
इस दौरान पौधे रोपित किए गए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए आयोजित इस पहल को सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधि के रूप में देखा गया।

यह रहे प्रमुख रूप से मौजूद – वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं आयोजन की तैयारीयो के दौरान नगर पंचायत धमधा अध्यक्ष श्वेता प्रशांत अग्रवाल, पार्षद विजय ढीमर, कुमारी बाई टोंडरे, महंत दुष्यंत दास साहेब, आश्रम अध्यक्ष विश्राम दास, एसकेडीवी मिशन के तहसील प्रतिनिधि सहित ग्रामीण प्रतिनिधि एवं कबीर पंथ के अनुयायी मौजूद रहे।
26 – 27 अगस्त को होगा दो दिवसीय आयोजन – कबीर आश्रम केवलधाम धमधा में 26 और 27 अगस्त को सत्यनाम धुन एवं सात्विक चौका आरती का दो दिवसीय आयोजन प्रस्तावित है। इसे लेकर कबीर पंथ के अनुयायियों में उत्साह है और आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारी को लेकर लगातार गतिविधियों की जा रही है।

बैठक और वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से जहां आगामी धार्मिक आयोजन की तैयारी को गति मिली, वहीं हरेली महोत्सव के अवसर पर धर्म, समाज और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने का संदेश भी सामने आया।







