

धमधा : लगातार सामने आ रही आत्महत्या की घटनाओं ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार को वार्ड नंबर 10 ब्राह्मण पारा में 20 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया। खास बात यह है कि बीती रात ही धमधा के एक अन्य युवक संजोग यादव ने भी आत्मघाती कदम उठाया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इलाके में भय, चिंता और गंभीर सामाजिक चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान निखिल देवांगन (20 वर्ष) पिता मनहरण देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे के आसपास निखिल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई, जिसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत शासकीय अस्पताल धमधा लेकर पहुंची। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
युवक की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं मोहल्ले में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ अस्पताल और मृतक के घर के बाहर जुटी रही।
धमधा में लगातार युवाओं की आत्महत्या से दहशत: 24 घंटे के भीतर दूसरी मौत, 2 महीनों में 3 युवा जिंदगी हार बैठे
इधर, रविवार देर रात धमधा के ही युवक संजोग यादव ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। लगातार दो दिनों में दो युवाओं की मौत और बीते दो महीनों में कुणाल यादव, संजोग यादव और निखिल देवांगन जैसे तीन युवाओं द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बन रही हैं, जिनकी वजह से युवा अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा कठोर कदम उठा रहे हैं। लोगों में इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि मानसिक तनाव, पारिवारिक दबाव, बेरोजगारी, अकेलापन या अन्य सामाजिक कारण कहीं युवाओं को भीतर ही भीतर तोड़ तो नहीं रहे।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
लगातार हो रही इन दर्दनाक घटनाओं ने पूरे धमधा क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। यह सिर्फ एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर चेतावनी है कि युवाओं की मानसिक स्थिति, उनकी परेशानियों और भावनात्मक संघर्षों को समय रहते समझना बेहद जरूरी हो गया है।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे ब्राह्मण पारा क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।