BemetaraChhattisgarhDHAMDHADurgpolitical news

सुशासन शिविर में उठी शराब भट्टी की मांग, विधायक के सामने आबकारी विभाग के खुलासे से मचा हड़कंप

धमधा क्षेत्र के ग्राम राजपुर में आयोजित सुशासन त्योहार उस वक्त अचानक सुर्खियों में आ गया, जब सरकारी मंच से शराब भट्टी खोलने की मांग का मामला सामने आया। आमतौर पर ऐसे आयोजनों में सड़क, बिजली, पानी, राशन, पेंशन या किसान समस्याओं की बातें सुनाई देती हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग था। जैसे ही शराब दुकान और भट्टी खोलने की मांग का जिक्र हुआ, पूरे कार्यक्रम में मौजूद लोग एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे और माहौल चर्चा से गरमा गया।

Advertisement

कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंच से ही आबकारी विभाग के अधिकारियों को बुलाया और सबके सामने पूछा कि विभाग के पास शराब से जुड़े कितने आवेदन आए हैं। विधायक के इस सीधे सवाल पर आबकारी अधिकारी ने जो जवाब दिया, उसने पूरे कार्यक्रम में हलचल मचा दी। अधिकारी ने बताया कि विभाग को कुल दो आवेदन प्राप्त हुए हैं एक ग्राम राजपुर से और दूसरा ग्राम पगबंदी से।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ये आवेदन शराब दुकान बंद कराने या शराबबंदी की मांग के लिए नहीं, बल्कि गांव में शराब भट्टी खुलवाने की मांग को लेकर दिए गए हैं। यह जानकारी सामने आते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच फुसफुसाहट शुरू हो गई और मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।


मंच से विधायक ईश्वर साहू ने भी हैरानी जताते हुए कहा कि कई लोग खुलकर अपनी बात रखने से डरते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अगर कहीं अवैध रूप से शराब बिक रही है, तो लोग बिना डर प्रशासन को जानकारी दें। विधायक के इस बयान के बाद माहौल और गंभीर हो गया।


गौरतलब है कि धमधा क्षेत्र में पहले कई गांवों में प्रस्तावित शराब दुकानों का महिलाओं, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने खुलकर विरोध किया है। कई जगह शराबबंदी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी हुए हैं। ऐसे माहौल में सरकारी सुशासन शिविर में शराब भट्टी खोलने की मांग वाले आवेदन सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है।

अब पूरे क्षेत्र में चर्चा इस बात की है कि आखिर गांवों में शराब के खिलाफ आवाज ज्यादा बुलंद है या फिर कुछ लोग शराब बिक्री को वैध रूप दिलाने की कोशिश में जुटे हैं। सुशासन शिविर में उठा यह मुद्दा अब सामाजिक बहस के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी गर्माने लगा है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button