धमधा में भरोसे का गला घोटने वाला सुपरवाइजर गिरफ्तार, फार्म हाउस में चोरी की गई ₹40 हजार की निर्माण सामग्री बरामद

धमधा| दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में फार्म हाउस निर्माण कार्य के दौरान मलिक का भरोसा तोड़कर निर्माण सामग्री चोरी करने वाले सुपरवाइजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब ₹40 हजार मूल्य की चोरी की गई निर्माण सामग्री बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को प्रार्थी किशन सिंह यादव, निवासी पचरीपारा (दुर्ग) ने थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम रौंदा स्थित उनके निजी भूमि पर फार्म हाउस का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके लिए टीन शीट, लोहे के एंगल, प्लास्टिक पाइप और जीआई पाइप सहित अन्य निर्माण सामग्री रखी गई थी। निर्माण कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी ग्राम रौंदा निवासी मनोज उर्फ मोनू यादव को सुपरवाइजर के रूप में दी गई थी।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जब बची हुई सामग्री का मिलान किया गया तो कई सामान गायब मिले। संदेह होने पर सुपरवाइजर से पूछताछ की गई, लेकिन उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और काम पर आना भी बंद कर दिया। बाद में जानकारी मिली की चोरी की गई सामग्री आरोपी ने अपने घर के पास छिपाकर रखी हुई है।
शिकायत के आधार पर थाना धमधा में अपराध क्रमांक 208/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 09 टीन शीट, 10 लोहे के एंगल, 25 प्लास्टिक पाइप और 10 जीआई पाइप बरामद कर विधिवत जप्त किए।
भरोसे का किया दुरुपयोग – पुलिस के अनुसार, आरोपी निर्माण कार्य का सुपरवाइजर होने के कारण उसे सामग्री की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने बची हुई निर्माण सामग्री को बिना अनुमति अपने कब्जे में लेकर घर के पास छिपा दिया।
धमधा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
