
पारिवारिक विवाद में पिता की हत्या, शिकायत करने वाला बेटा ही निकला आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दुर्ग। जिले के बोरी थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिस युवक ने अपने पिता की मौत की सूचना देकर पुलिस को बुलाया था, वहीं युवक अपने पिता का हत्यारा निकला। पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए साक्ष ने पूरे मामले की परते खोल दी। आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव वार्ड क्रमांक 06 निवासी नीलकमल साहू (19) वर्ष थाना बोरी पहुंचा और सूचना दी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की गुत्थी – प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया तो रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत होना सामने आया। चिकित्सकों ने स्पष्ट रूप से मृत्यु की प्रकृति को हत्या बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू की।
जांच में बेटे पर गया शक – पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, पंचनामा तैयार किया और परिजनों व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक कुलेश्वर साहू और उनके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
पुलिस को मिले साक्ष और पूछताछ में यह खुलासा हुआ की विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी। मारपीट के दौरान लगी गंभीर चोटो के कारण कुलेश्वर साहू की मौत हो गई पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने नीलकमल साहू को ही आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया।
फरियादीन से आरोपी बने तक की कहानी – इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस युवक ने खुद पुलिस थाने पहुंचकर अपने पिता की मौत की सूचना दी थी, वही हत्या का आरोपी निकला। शुरुआत में उसने खुद को पीड़ित परिवार का सदस्य बाताकर पुलिस को सूचना दी, लेकिन वैज्ञानिक जांच, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने उसकी कहानी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी।
हत्या का कारण बना पारिवारिक विवाद – पुलिस के अनुसार घटना के पीछे मुख्य वजह पारिवारिक विवाद है। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने ही पिता पर हमला कर दिया, जिसकी परिणति मौत के रूप में हुई।
आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज – बोरी पुलिस ने आरोपी नीलकमल साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की है।
