

धमधा : दुर्ग पुलिस के जनमित्र अभियान के तहत थाना धमधा क्षेत्र के ग्राम दारगांव में शुक्रवार को यातायात जागरूकता, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर बड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित शमशाद बेगम एवं महिला कमांडो दल ने ग्रामीणों को हेलमेट की अनिवार्यता और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा कि हर परिवार में भाई, बेटे और पति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। उन्होंने महिला कमांडो को अपने-अपने गांवों की मुख्य सड़कों पर प्रतिदिन जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से बालोद जिले के कई पंचायत क्षेत्रों में लोग पूरी तरह हेलमेटधारी बन चुके हैं और अब दुर्ग जिले के गांवों में भी महिला कमांडो के सहयोग से यह अभियान तेजी से चलाया जाएगा। उन्होंने दुर्ग पुलिस के जनमित्र अभियान की सराहना भी की।
एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को साइबर अपराधों के नए तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए मोबाइल ब्लैकमेलिंग, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी और एपीके फाइल के जरिए होने वाले फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ध्रुव ने नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 और यातायात हेल्पलाइन 1033 की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आई लगभग 300 महिला कमांडो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने पुलिस द्वारा दिए गए सुरक्षा संबंधी सुझावों को गंभीरता से सुना और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

