
बेमेतरा। लक्ष्य फाउंडेशन बेमेतरा ने एक बार फिर सफलता का नया इतिहास रचते हुए जिले का नाम रोशन किया है। फाउंडेशन द्वारा संचालित सेना भर्ती निशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण संस्था के 4th बैच (वर्ष 2025-26) के 20 से अधिक कैडेट्स का चयन भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में हुआ है। 25 मई 2026 को घोषित हुए अंतिम परिणाम में पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 1163 जवानों का चयन हुआ, जिनमें बेमेतरा के इन होनहारों ने बाजी मारी है।
निशुल्क प्रशिक्षण और कड़ी मेहनत का परिणाम
गौरतलब है कि लक्ष्य फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के युवाओं को निशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण, रनिंग, अनुशासन और सेना भर्ती की संपूर्ण तैयारी करवा रहा है। संस्था के प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन और युवाओं के कड़े समर्पण के चलते ही आज लगातार इतनी बड़ी संख्या में यहाँ के जवान भारतीय सेना में अपनी जगह बना रहे हैं।
जिले में हर्ष का माहौल, बांटी गई मिठाइयां
चयन की खबर आते ही चयनित जवानों के परिवारों और पूरे शहर में जश्न का माहौल है। युवाओं ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
मार्गदर्शकों ने दी बधाई, असफल युवाओं को ढांढस
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर लक्ष्य फाउंडेशन के संस्थापक व मुख्य प्रशिक्षक पवन वर्मा, वरिष्ठ प्रशिक्षक रिटायर्ड सूबेदार हरीश अवस्थी, मार्गदर्शक लेफ्टिनेंट राहुल वर्मा (भा. प्रा. सेना) और बेमेतरा निवासी डॉ. गोकुल प्रसाद बंजारे सहित अन्य सदस्यों ने चयनित जवानों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा:
“यह सफलता पूरे बेमेतरा जिले के लिए गर्व की बात है। जिन युवाओं का चयन इस बार किन्हीं कारणों से नहीं हो पाया है, वे निराश बिल्कुल न हों। अपनी कमियों को सुधारें और दुगनी मेहनत के साथ दोबारा तैयारी में जुट जाएं।”
इस गौरवपूर्ण अवसर पर हाल ही में चयनित सब इंस्पेक्टर राधिका यादव और शहर के सेवा निवृत फौजी सूर्य चौहान ने भी चयनित कैडेट्स के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी !