देवकर। तहसील मुख्यालय देवकर में आगामी 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को मां शीतला जुड़वास महोत्सव पूरे धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। पिछले 20 वर्षों से नगरवासियों के सहयोग से आयोजित हो रहे इस पारंपरिक पर्व को लेकर पूरे नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मां शीतला जुड़वास सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा से होगा। इसके बाद 3 स्टार धुमाल नागपुर किंग, मास्टर सतीश निषाद, श्री दुलेराय अघोरी ग्रुप अंजोरा (दुर्ग) तथा जय मां शीतला सांग-बाना ग्रुप देवकर के कलाकार अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं श्री पंडा बिरेंद्र धुवे की विशेष प्रस्तुति भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
सुबह 10 बजे पंडित होरी लाल पाण्डेय के सान्निध्य में विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न होगा। दोपहर 3 बजे से सेवा भजन मंडली देवकर द्वारा भक्ति रस की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद 4 बजे महाभंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है। संध्या 6 बजे से मां विंध्यवासिनी बालिका परिवार जस ग्रुप, बोड़रा-धनेली (जिला बालोद) द्वारा मनमोहक जस गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
समिति के सदस्य दिनेश साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ में मनाया जाने वाला शीतला जुड़वास पर्व स्वास्थ्य, प्रकृति और मौसम परिवर्तन से जुड़ी प्राचीन परंपरा का प्रतीक है। भीषण गर्मी के बाद मानसून आगमन से पूर्व इस पर्व पर मां शीतला से चेचक एवं अन्य संक्रामक रोगों से रक्षा तथा परिवार और समाज के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की जाती है। इस अवसर पर नीम की पत्तियों के उपयोग की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसे वातावरण की शुद्धता और स्वास्थ्य से जोड़कर देखा जाता है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नगर की एकजुटता, सामाजिक समरसता और सामूहिक सुख-समृद्धि का संदेश देने वाला उत्सव है। आयोजन को सफल बनाने में मां शीतला जुड़वास सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ समस्त नगरवासी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
समिति के सदस्य अजय सपहा ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां शीतला का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
