
धमधा। नगर स्थित सदगुरु कबीर आश्रम, केवल धाम में संत शिरोमणि सदगुरु कबीर साहब का 628 वा प्रकट उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे आश्रम परिसर में सुबह से ही आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कबीर पंथ के अनुयायी कार्यक्रम में शामिल हुए और सदगुरु कबीर साहब के बताए गए सत्य, प्रेम, समानता एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
प्रकट उत्सव के अवसर पर आश्रम में भजन – कीर्तन, सत्संग, सात्विक चौका, आरती एवं भव्य भजन भंडारे का आयोजन किया गया। संतों एवं वक्ताओं ने अपने प्रवचनों में सदगुरु कबीर साहेब की शिक्षाओं का महत्व बताते हुए समाज में भाईचारा, सद्भाव और अंधविश्वास से दूर रहकर सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम की ओर से आने – जाने वाले राहगीरों एवं श्रद्धालुओं के लिए शीतल सरबद्ध पानी, हलवा – पुरी तथा प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी के बीच इस सेवा कार्य की लोगों ने सहराना की और इसे मानव सेवा कार्य की उत्कृष्ट मिसाल बताया।
दिन भर चले धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भव्य भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और कबीर साहेब के भजनों से आश्रम परिसर गूंजता रहा।
आयोजकों ने बताया कि सदगुरु कबीर साहेब की शिक्षाएं आज भी समाज को सत्य, प्रेम, सामानता, सदाचार और मानव सेवा की प्रेरणा देती है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष प्रकट उत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है, ताकि नई पीढ़ी भी उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सके।
