

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में सफलता का परचम लहराने के बाद अब राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) 2025-26 में भी धमधा विकासखंड के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में धमधा विकासखंड के कुल 61 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वी से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए आगामी 4 वर्षों तक प्रतिमाह 1000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस प्रकार प्रत्येक छात्र को प्रतिवर्ष 12000 तथा 4 वर्षों में कुल 48000 की आर्थिक सहायता मिलेगी जिससे उनकी शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
राज्य स्तर पर धमधा के बच्चों का जलवा – इस वर्ष राज्य में कुल 2246 सीटे आबंटित की गई थी, जिनमें से दुर्ग जिले के 176 विद्यार्थियों का चयन हुआ। खास बात यह रही कि इनमें से 61 विद्यार्थी अकेले धमधा विकासखंड से चयनित हुए, जो विकासखंड की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है।
इतना ही नहीं, राज्य की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में धमधा विकासखंड के तीन विद्यार्थियों ने टॉप – 10 में स्थान बनाकर पूरे जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राज्य में प्रथम स्थान: पायल रजनी – स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कुम्हारी की छात्रा कुमारी पायल रजनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 162 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया। पायल की इस उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे धमधा विकासखंड को गौरान्वित किया है।
राज्य में सातवां स्थान: नैतिक आमडे – स्वामी आत्मानंद विद्यालय, कुम्हारी के छात्र नैतिक आमडे ने 149 अंक प्राप्त कर राज्य में सातवां स्थान हासिल किया। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्र के विद्यार्थी भी प्रतिभा के दम पर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
राज्य में दसवां स्थान: श्रद्धा इंदौरिया – स्वामी आत्मानंद विद्यालय (उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम), जंजगिरी की छात्रा श्रद्धा इंदौरिया ने 146 अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय मेरिट सूची में दसवां स्थान अर्जित किया। उनकी सफलता क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
इन क्षेत्रों के बच्चों ने बढ़ाया मान – इस परीक्षा में मुख्य रूप से पोटिया, हिरी, पुरदा, छोटे पूरदा, कुम्हारी, जंजगीरी, हसदा माटरा और अहिवारा क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में अध्यनरत विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के मार्गदर्शन का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत ही रंग लाई – विशेषज्ञों का मानना है कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों का समर्पण, अभिभावकों का सहयोग और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान है। लगातार बेहतर परिणाम के कारण धमधा विकासखंड शिक्षा के क्षेत्र में जिले के अग्रणी विकासखण्डों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान – जवाहर नवोदय चयन परीक्षा के बाद NMMSE परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि धमधा विकासखंड के विद्यार्थी किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने में सक्षम है। राज्य मेरिट सूची में तीन विद्यार्थियों की मौजूदगी और कुल 61 चयनित विद्यार्थियों का आंकड़ा शिक्षा के क्षेत्र में विकासखंड के लिए एक नया कीर्तिमान माना जा रहा है।
क्षेत्रवासियों, शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

