धमधा में 30 फीट का रावण 5 मिनट में जलकर राख, 83वें दशहरा मेले में उमड़ा जनसैलाब



धमधा। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व धमधा नगर में मंगलवार को उत्साह, उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। नगर के बाजार स्थित दशहरा मैदान में 30 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया, जो आतिशबाजी के बीच महज पांच मिनट में धू-धू कर जल उठा। इस दौरान पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

धमधा नगरवासियों की ओर से आयोजित 83वें वर्ष के विशाल दशहरा महोत्सव एवं मेले में शाम होते ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। रावण दहन देखने के लिए बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में पहुंचे। मैदान में भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोगों को खड़े होने तक की जगह मुश्किल से मिल रही थी।
श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य शोभायात्रा ने मोहा मन
दशहरा महोत्सव के तहत शाम 6 बजे तमेर पारा स्थित रामलीला चौक से प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और श्री हनुमान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हैहैयवंशी रामलीला मंडली, तमेर पारा की ओर से श्रीराम दल और रावण की सेना की शोभायात्रा निकाली गई, जो देवांगन पारा, हटरी और मुख्य बाजार से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची।
मैदान में श्रीराम दल और रावण की सेना के बीच युद्ध का सजीव मंचन किया गया। मंचन के दौरान प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण ने रावण का वध कर बुराई के अंत तथा सत्य और धर्म की विजय का संदेश दिया। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। आतिशबाजी और जय श्रीराम के जयकारों के बीच लोगों ने इस ऐतिहासिक परंपरा का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
विधायक ईश्वर साहू और नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल हुए शामिल

दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू एवं नगर पंचायत धमधा की अध्यक्ष श्वेता प्रशांत अग्रवाल शामिल हुए। आयोजन के दौरान नगर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। 83वें वर्ष में आयोजित दशहरा मेला नगर की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बना।

धमधा में दशहरा पर्व ने एक बार फिर संदेश दिया कि अंततः सत्य और अच्छाई की ही जीत होती है।

