Latest NewsTechदुर्गधमधा की खबरें

धमधा महाविद्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का आयोजन, रंगोली से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

धमधा। चन्दूलाल चन्द्राकर शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय धमधा में 7 अक्टूबर 2026 को “सेवा के रंग राष्ट्र के संग : आभार एवं संकल्प की रंगोली” कार्यक्रम के तहत “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के कला भवन प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जनजागरूकता का संदेश दिया।

Advertisement

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं छत्तीसगढ़ राज्यगीत के गायन के साथ हुआ। राज्यगीत की प्रस्तुति छात्रा गौरी निषाद द्वारा दी गई। इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत धमधा की अध्यक्ष श्रीमती श्वेता प्रशांत अग्रवाल, जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक श्री पवन शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.डी.एस. बग्गा, डॉ. ज्योति केरकेट्टा सहित धमधा नगर पंचायत के पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए समाजशास्त्र के सहायक प्राध्यापक श्री तरुण पदमवार ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासकीय कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को एक सूत्र में जोड़कर जनहित में कार्य करने की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अभियान के माध्यम से समाज और देश में सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।

लोकतंत्र और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई चर्चा

अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.डी.एस. बग्गा ने लोकतंत्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने भारतीय परंपरा में रंगोली के महत्व को बताते हुए विद्यार्थियों को संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक एवं जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष श्री पवन शर्मा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और निरंतर प्रयास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने शासन के 25 वर्षों की विकासगाथा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन को लेकर अपने विचार साझा किए।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम की सहसंयोजक एवं नगर पंचायत धमधा अध्यक्ष श्रीमती श्वेता अग्रवाल ने “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से दिया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में माताओं को समर्पित “माँ ओ मेरी माँ” गीत की सुंदर प्रस्तुति भी दी गई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन डॉ. एस.के. मेश्राम द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन श्री तरुण पदमवार ने किया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button