BemetaraChhattisgarhबेमेतरा

बेमेतरा में होटल-लॉज संचालकों को समाधान ऐप से जोड़ने के निर्देश, यात्रियों का डेटा अपलोड करना होगा अनिवार्य

बेमेतरा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बेमेतरा पुलिस ने होटल एवं लॉज संचालकों को “समाधान ऐप” के माध्यम से यात्रियों का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के निर्देशन में शनिवार को थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला ने संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का तथा एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में होटल एवं लॉज संचालकों को समाधान ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि होटल या लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक यात्री का विवरण अनिवार्य रूप से समाधान ऐप में अपलोड किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके।

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को यह भी निर्देशित किया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति होटल या लॉज में ठहरता है तो इसकी सूचना बिना देरी किए निकटतम पुलिस थाने को दें। इससे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहायता मिलेगी।

बेमेतरा पुलिस ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए होटल एवं लॉज संचालकों के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है।

बैठक में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा का पुलिस स्टाफ एवं थाना क्षेत्र के सभी प्रमुख होटल और लॉज संचालक उपस्थित रहे।

Advertisement

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button