
दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत घोटवानी में एक बार फिर आगजनी की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। गांव में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दो किसानों के पैरावट जलकर खाक हो गए।
बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले धर्मी चंद वर्मा के पैरावट में लगी, जिसके बाद तेज लपटें पास में रखे सुरेश वर्मा के पैरावट तक पहुंच गईं। कुछ ही देर में आग ने दोनों पैरावट को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों के जरिए आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना के करीब दो घंटे बीत जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने गांव में दहशत का माहौल बना दिया है।