
धमधा। अवैध पशु तस्करी के खिलाफ धमधा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक पिकअप वाहन से क्रूरता पूर्वक परिवहन किया जा रहे 5 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन सहित कुल 10 लाख ₹30000 की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी की महाराष्ट्र पासिंग की एक महिंद्र बोलोरो मैक्स पिकअप में गोवंशी पशुओं को अवैध रूप से भरकर बेरला क्षेत्र से धमधा होते हुए कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही धमधा पुलिस ने राहटादाह चौक स्थित उन्नति आईटीआई के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।
शाम करीब 7 बजे संदिग्ध वाहन क्रमांक एमएच 35 एजे 3531 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन के पीछे त्रिपाल से ढककर तीन पड़िया और दो पड़वा सहित कुल पांच मवेशियों को ठूस – ठूसकर भरा हुआ पाया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम दुर्गेश घोरमारे ( 21 वर्ष ), निवासी जिला बालाघाट, मध्य प्रदेश बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मवेशी को बेरला क्षेत्र से लोड कर गोंदिया स्थित कत्ल खाने ले जा रहा था। पुलिस द्वारा परिवहन संबंधित वेद दस्तावेज और रसीद मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परीरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया है।