Latest NewsTechखास खबरबेमेतराबेरला

जनसहयोग से संवरा साल्हेपुर स्कूल, प्रधान पाठक अंबालिका पटेल को मिले तीन-तीन सम्मान

उत्कृष्ट शाला के सम्मान से गौरवान्वित हुआ शासकीय प्राथमिक शाला साल्हेपुर, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के क्षेत्र में बनाई अलग पहचान

Advertisement


बेमेतरा। विकासखंड बेरला के शासकीय प्राथमिक शाला साल्हेपुर ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता और विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को राज्य स्तर पर सराहा गया है। विद्यालय को उत्कृष्ट शाला के रूप में सम्मानित किया गया, वहीं विद्यालय की प्रधान पाठक अंबालिका पटेल को तीन-तीन पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।


यह सम्मान प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा छत्तीसगढ़ द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से जिला धमतरी के कुरूद में किया गया था। सम्मान मिलने के बाद साल्हेपुर स्कूल के शिक्षकों, विद्यार्थियों, पालकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

गतिविधि आधारित शिक्षा पर विशेष जोर – विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार नवाचारी एवं गतिविधि आधारित शिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने और अपनी प्रतिभा को सामने लाने के अवसर दिए जा रहे हैं। शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों को भी विद्यालय की गतिविधियों का हिस्सा बनाया गया है।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्कूल के भौतिक एवं शैक्षणिक विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है।


जनसहयोग से स्कूल के विकास को मिली नई दिशा – साल्हेपुर स्कूल की उपलब्धि में शाला प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत, पालक-अभिभावकों, ग्रामीणजनों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है। सामूहिक सहभागिता के जरिए विद्यालय को बेहतर और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण देने का प्रयास किया गया है।


प्रधान पाठक अंबालिका पटेल के नेतृत्व में विद्यालय में शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यही वजह है कि विद्यालय को उत्कृष्ट शाला के रूप में सम्मान मिलने के साथ प्रधान पाठक को भी तीन अलग-अलग पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।


सम्मान मिलने पर जताई खुशी – विद्यालय की इस उपलब्धि पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंचगण, ग्राम के नागरिकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने प्रधान पाठक अंबालिका पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने इस उपलब्धि को साल्हेपुर गांव और पूरे शिक्षा परिवार के लिए गौरव का विषय बताया।


कार्यक्रम के दौरान बेमेतरा जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश कर्माकर, सहायक शिक्षा अधिकारी नारायण ठाकुर, संकुल प्रभारी खिसोरी, संकुल समन्वयक तथा बेरला विकासखंड के शिक्षक साथियों ने भी प्रधान पाठक अंबालिका पटेल को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।


विद्यालय परिवार का कहना है कि इस तरह के सम्मान से शिक्षकों और विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। जनसहयोग, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से साल्हेपुर स्कूल को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही गई है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button